भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पुरुष क्रिकेट टीम के सहायक कोच रयान टेन डोशेट और फील्डिंग कोच टी. दिलीप के सालाना कॉन्ट्रैक्ट को पूरा होने तक जारी रखने का फैसला किया है। इसके बाद बोर्ड जल्द ही उनके स्थान पर नए कोचों की नियुक्ति की घोषणा करेगा। यह जानकारी बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को 'आईएएनएस' को दी।
बीसीसीआई ने सपोर्ट स्टाफ के इन दो अहम सदस्यों को बदलने का फैसला किया है, क्योंकि उनके कॉन्ट्रैक्ट पहले ही खत्म हो चुके हैं। बोर्ड के इस फैसले के साथ तमाम अटकलों पर भी विराम लग गया है।
सैकिया ने मंगलवार को 'आईएएनएस' से कहा, "टी. दिलीप का कॉन्ट्रैक्ट पिछले एक साल से बढ़ा हुआ था। उनका कॉन्ट्रैक्ट पिछले साल ही खत्म हो गया था, लेकिन हमने उन्हें एक साल का और विस्तार दिया था। हालांकि, रयान टेन डोशेट का कॉन्ट्रैक्ट 10 जून को खत्म हो गया था। कॉन्ट्रैक्ट की अवधि खत्म होने के बाद भी वे 19 जुलाई को भारत-इंग्लैंड सीरीज खत्म होने तक टीम के साथ बने रहे। अब वह सीरीज खत्म हो चुकी है और उनके कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाया गया है। नतीजतन, हम अब उन्हें रिलीज कर रहे हैं। इस्तीफे वगैरह को लेकर कई तरह की बातें और अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। कॉन्ट्रैक्ट की अवधि खत्म होने के बाद हमने इसे आगे नहीं बढ़ाया। हम अब नए लोगों को भर्ती करने की प्रक्रिया में हैं। एक-दो दिन में हम उनकी जगह लेने वाले लोगों के नामों का ऐलान कर देंगे।"