बांग्लादेश ने अफगानिस्तान के खिलाफ शेख जायेद स्टेडियम में जारी इकलौते टेस्ट मैच में अपनी पकड़ बना रखी है। इस टीम ने मुकाबले के चौथे दिन अफगानिस्तान को जीत के लिए 479 रनों का विशाल टारगेट दिया, जिसके जवाब में दिन की समाप्ति तक अफगान टीम का स्कोर 132/3 है। यहां से उसे जीत के लिए 347 रन की दरकार है, जबकि बांग्लादेश अंतिम दिन शेष 7 विकेट की तलाश में होगा।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम ने पहली पारी में 346 रन बनाए। शादमान इस्लाम ने तंजीद हसन तमीम के साथ पहले विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी की। इस पारी में तंजीद ने सर्वाधिक 83 रन बनाए, जबकि लिटन दास ने 53 रन जड़े। इनके अलावा, शादमान इस्लाम ने 67 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से मोहम्मद सलीम ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि यामीन अहमदजई ने 3 विकेट निकाले। इस्मत आलम को 2 विकेट हाथ लगे।
इसके जवाब में अफगान टीम पहली पारी में 240 रन पर सिमट गई। इस टीम के लिए कप्तान रहमत शाह ने 12 बाउंड्री के साथ नाबाद 105 रन की पारी खेली, जबकि अब्दुल मलिक ने 62 रन बनाए। इकराम अलीखिल ने 32 रन टीम के खाते में जोड़े। बांग्लादेश की तरफ से हसन महमूद ने 55 रन देकर 5 विकेट निकाले, जबकि एबादोत हुसैन ने 4 विकेट चटकाए।