भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो टेस्ट मुकाबलों की सीरीज खेली जाएगी। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के लिहाज से बेहद अहम होगी। पूर्व स्पिनर मुरली कार्तिक मानते हैं कि यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के लिहाज से बेहद अहम है। इसके साथ ही, उन्होंने इस सीरीज को रवींद्र जडेजा के करियर के लिए इसे अहम बताया है।
'आईएएनएस' के साथ बातचीत में मुरली कार्तिक ने कहा, "यह एक बहुत जरूरी टूर है। न सिर्फ स्पिनर्स के नजरिए से, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के लिहाज से भी यह बहुत अहम है, क्योंकि अगर हम टेस्ट क्रिकेट को लेकर गंभीर हैं, तो हम अभी पांचवें नंबर (डब्ल्यूटीसी अंकतालिका) पर हैं। रेड बॉल क्रिकेट में हमारा प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है, यह बात सभी जानते हैं और इसके बारे में काफी चर्चा भी हुई है।"
रवींद्र जडेजा श्रीलंका दौरे पर अपने साथ अनुभव लेकर गए हैं, उन्हें लेकर मुरली कार्तिक ने कहा, "स्पिन के नजरिए से देखें तो यह बहुत जरूरी है, क्योंकि रवींद्र जडेजा, जिन्होंने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा काम किया है, अब अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं। यह जडेजा के करियर का आखिरी दौर चल रहा है। उस लिहाज से, मानव सुथार जिस तरह से टीम में आए और अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने जैसी गेंदबाजी की, वह किसी भी पुराने स्पिनर के लिए दिल को छू लेने वाला अनुभव था, जिसने भारतीय क्रिकेट को देखा या समझा है। रेड बॉल क्रिकेट के नजरिए से मानव सुथार का प्रदर्शन बहुत अहम था।"