बांग्लादेश ने अफगानिस्तान के खिलाफ शेख जायद स्टेडियम में जारी इकलौते टेस्ट मैच के तीसरे दिन तक अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। अफगानिस्तान को 240 रन पर समेटने के बाद बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर 223 रन बना लिए। यहां से उसके पास 329 रन की बढ़त है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने पहली पारी में 346 रन बनाए। शादमान इस्लाम और तंजीद हसन तमीम के बीच पहले विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी हुई। तंजीद 4 छक्कों और 8 चौकों के साथ 83 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद शादमान ने मोमिनुल हक के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन जुटाए। शादमान ने टीम के खाते में 67 रन का योगदान दिया।
इसके बाद बांग्लादेश ने 225 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिया थे, जहां से मेहदी हसन मिराज ने लिटन दास के साथ छठे विकेट के लिए 62 रन जोड़कर टीम को 300 के करीब पहुंचाया। लिटन दास ने 53 रन की पारी खेली, जबकि मोमिनुल हक ने 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।