सनराइजर्स हैदराबाद और मध्य प्रदेश के बॉलिंग ऑलराउंडर शिवांग कुमार ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत के लिए खेलना (इंडिया कैप हासिल करना) अपना सबसे बड़ा लक्ष्य बताया है।
बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर शिवांग ने आईपीएल 2026 में 13 मैचों में 9 विकेट लिए और हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और फिर श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम के साथ नेट बॉलर के तौर पर जुड़े थे। हालांकि, भारत के लिए खेलना ही उनका सबसे बड़ा लक्ष्य है। 'क्रिकइन्फो' के अनुसार, उन्होंने कहा, "अच्छा लगता है, लेकिन अभी मैं इस बात पर ज्यादा नहीं सोच रहा कि मैंने आईपीएल में खेला है और भारत के लिए नेट बॉलर रहा हूं - आईपीएल में खेलने वाला हर खिलाड़ी अपने राज्य या देश के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक होता है, इसीलिए आईपीएल दुनिया की सबसे अच्छी लीग है।"
शिवांग ने आगे कहा, "वहां जाकर अच्छा प्रदर्शन करने की बात को पूरी तरह समझने में अभी थोड़ा समय लग रहा है। हालांकि, आईपीएल सबसे बड़ा लक्ष्य नहीं है। भारत के लिए खेलना ही सबसे बड़ा लक्ष्य है। अभी लंबा सफर तय करना है, बहुत क्रिकेट खेलना बाकी है। यह तो बस पहला सीजन था, और यह सिर्फ शुरुआत थी।"