जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 9 विकेट से शानदार जीत के बाद भारतीय टीम की नव नियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने अपनी गेंदबाजों को एकजुट होकर बेहतरीन प्रदर्शन करने का श्रेय दिया।
रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को 102/8 के स्कोर पर रोक दिया। निकी प्रसाद ने अपने दो ओवरों में 7 रन देकर 2 विकेट लिए। इनके अलावा, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने 1-1 विकेट निकाला। इसके जवाब में भारत ने शेफाली वर्मा (55) और कप्तान मंधाना (नाबाद 47) की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर सिर्फ 8.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
रायपुर में इस शानदार जीत के बाद मंधाना ने गेंदबाजों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा, "आज का दिन अच्छा रहा। आज हमारी गेंदबाज पूरी तरह से लय में थीं, जो पहले मैच के मुकाबले काफी बेहतर था। उन्होंने यॉर्कर, स्लोअर गेंदें और बाउंसर का बहुत अच्छे से इस्तेमाल किया। इसके अलावा स्पिनर्स दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और निकी प्रसाद ने भी आकर अपने-अपने ओवरों में शानदार गेंदबाजी की। कुल मिलाकर आज हमारी गेंदबाजी यूनिट ने वाकई एकजुट होकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। हां, बेशक, आज हमारी फील्डिंग (कैच पकड़ने के मामले में) और भी बेहतर हो सकती थी। यह एक ऐसी बात है जिस पर हम आलोचनात्मक रुख अपना सकते हैं।"