भारत के प्रतिभाशाली क्रिकेटर रिंकू सिंह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और आखिरी ओवरों में बड़े शॉट लगाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं, जिन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए पहचान बनाई। गुजरात टाइटंस के खिलाफ साल 2023 में लगातार पांच छक्के लगाकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले रिंकू ने भारतीय टीम के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी उपयोगिता साबित की है।
12 अक्टूबर 1997 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में जन्मे रिंकू सिंह के पिता घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम करते थे, जिनके पांच लड़कों में से एक रिंकू को क्रिकेट से कुछ ज्यादा ही लगाव था। इतना लगाव कि वह स्कूल के समय भी क्रिकेट खेलना ही पसंद करते।
पिता नहीं चाहते थे कि रिंकू क्रिकेट में अपना समय बर्बाद करें। इस वजह से कभी-कभी उनकी पिटाई भी हो जाती। हालांकि, भाइयों ने रिंकू का बखूबी साथ दिया। रिंकू के पास गेंद खरीदने के लिए पैसे नहीं होते थे, तो कुछ लोगों उनकी मदद भी करते।