अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद हेनरिक क्लासेन का लक्ष्य उनकी टीमों के लिए ट्रॉफी जीतना है, जिनके लिए वह खेलते हैं। क्लासेन अभी 'द हंड्रेड' में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की तरफ से खेल रहे हैं। वह रविवार को 2022 की चैंपियन ट्रेंट रॉकेट्स के खिलाफ फाइनल के लिए तैयार हैं।
फाइनल से पहले क्लासेन ने फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट में अपने मुख्य लक्ष्यों के बारे में बताया। उन्होंने 'जियोहॉटस्टार' से कहा, "ट्रॉफी जीतना एक लक्ष्य है। ट्रॉफी जीतने के मामले में हाल का समय अच्छा नहीं रहा है, इसलिए मेरा निजी लक्ष्य खुद को और अपनी टीम को ऐसी स्थिति में लाना है जहां हम ट्रॉफी जीत सकें। फिर, जाहिर है, कम क्रिकेट खेलने के बावजूद क्रिकेट की गुणवत्ता को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है।"
आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए क्लासेन ने 15 पारियों में 624 रन बना थे। 'द हंड्रेड' में भी उनकी शुरुआत जबरदस्त रही। क्लासेन ने कहा, "मेरा आईपीएल अच्छा रहा। 'द हंड्रेड' में भी मेरी शुरुआत अच्छी रही, बीच में थोड़ा शांत दौर रहा, लेकिन अहम बात यह थी कि कुछ रन बनाए जाएं और अपने स्तर को वैसा ही बनाए रखा जाए जैसा वह आमतौर पर होता है।"