न्यूजीलैंड के महान खिलाड़ी केन विलियमसन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद अब कोचिंग की भूमिका संभालने जा रहे हैं। विलियमसन को मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने 'द हंड्रेड' के आगामी पुरुष संस्करण के लिए अपना बैटिंग कोच नियुक्त किया है।
फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर घोषणा करते हुए लिखा, "करिश्मा। कूलनेस। केन। आगामी द हंड्रेड अभियान से पहले मैनचेस्टर सुपर जायंट्स में पुरुष टीम के बैटिंग कोच के तौर पर केन विलियमसन का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।"
विलियमसन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें संस्करण में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए स्ट्रैटेजिक एडवाइजर के तौर पर काम कर रहे थे। भले ही विलियमसन कभी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल नहीं खेले, लेकिन उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस की तरफ से इस लीग के कुल 10 सीजन में बतौर खिलाड़ी हिस्सा लिया है। विलियमसन ने 79 आईपीएल मुकाबलों में 35.46 की औसत के साथ 2,128 रन बनाए हैं।