भारतीय क्रिकेट टीम ने गाले में खेले गए टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रन से हरा दिया। भारत की जीत के हीरो बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पड्डिकल रहे। पड्डिकल ने पहली पारी में शतक लगाया था। पहला टेस्ट शतक लगाने वाले इस खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद देवदत्त पडिक्कल ने कहा, "गाले में खेलना मेरे करियर की मुश्किल जगहों में से एक रहा है। मैंने धर्मशाला टेस्ट डेब्यू किया, इसके बाद पर्थ और अब गाले। मैं इससे बेहतर क्या ही सोचता। मैच शानदार था। मुझे लगता है कि हमने बहुत अच्छा क्रिकेट खेला और जीत से बहुत खुश हैं।"
पडिक्कल ने कहा, "मुझे लगता है कि विकेट में नैचुरल टूट-फूट थी। लेकिन मुझे लगता है कि यह एक बेहतरीन टेस्ट मैच विकेट था। पांचों दिन यह काफी अच्छा खेला। निश्चित रूप से, तीसरे दिन से यह बहुत ज्यादा टर्न लेने लगा।"