रेस्ट ऑफ इंडिया टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि दूसरी पारी में गेंदबाजों ने अपनी रणनीति बदली, जिसका टीम को बड़ा फायदा मिला। उन्होंने बताया कि गेंदबाजों ने अपनी लेंथ को थोड़ा आगे रखा और बल्लेबाजों के करीब गेंदबाजी की, जिससे विकेट मिले। टीम ने रविवार को शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में जम्मू-कश्मीर को 167 रनों से हराकर ईरानी कप का खिताब अपने नाम किया।
रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर के पहली पारी के आधार पर 41 रनों की बढ़त लेने के बाद रेस्ट ऑफ इंडिया ने चौथे दिन लंच के बाद जबरदस्त खेल दिखाया। तेज गेंदबाज मुकेश कुमार (6/33) की अगुवाई में टीम ने जम्मू-कश्मीर को 279 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 111 रनों पर समेट दिया।
रविवार को बुखार के कारण मैदान पर नहीं उतरे ऋषभ पंत ने माना कि जम्मू-कश्मीर की पहली पारी के दौरान गेंदबाज अपनी शुरुआती रणनीति से भटक गए थे, हालांकि उन्होंने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब उन्होंने महत्वपूर्ण रणनीतिक बदलाव किए।