Indian Premier League: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। आरआर के कप्तान रियान पराग ने माना कि 215 रनों के लक्ष्य का बचाव किया जा सकता था। रियान के अनुसार, दूसरी पारी में पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो गई थी।
जीटी के खिलाफ मिली हार के बाद कप्तान रियान ने कहा, "यह एक अच्छा स्कोर था। मुझे लगता है कि 215 के स्कोर का बचाव किया जा सकता था, लेकिन मेरे हिसाब से दूसरी पारी में भारी रोलर के बाद विकेट थोड़ा बेहतर हो गया था। पहली पारी में मुझे लगा कि स्पिनरों को थोड़ी ज्यादा ग्रिप मिल रही थी और छोटी, धीमी गेंदें थोड़ी ज्यादा उछाल ले रही थीं। इसी कारण मुझे लगता है कि यह एक ठीक-ठाक स्कोर था, लेकिन यह और बेहतर हो सकता था। एक समय ऐसा लग रहा था कि हम 230 रनों के स्कोर तक पहुंच जाएंगे, जो इस बड़े मैच में फर्क ला सकता था। मुझे लगता है कि 230-240 का स्कोर उस रन चेज को सच में चुनौतीपूर्ण बना देता।"
आरआर के कप्तान ने माना कि शुभमन गिल और साई सुदर्शन का विकेट जल्दी नहीं चटकाने का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा, "जीटी के बल्लेबाजी क्रम को देखते हुए हम जानते थे कि उनके सलामी बल्लेबाजों को हमें जल्दी आउट करना होगा, लेकिन हम ऐसा करने में नाकाम रहे। इसकी वजह से मैच में हमारी राह मुश्किल हो गई।"