दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की करारी हार के बाद तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और टीम में बदलाव की मांग तेज हो गई है। पूर्व दिग्गज खिलाड़ी डेविड वॉर्नर ने इस हार को शर्मनाक और ऑस्ट्रेलियाई मूल्यों के खिलाफ बताया है।
केप टाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेले गए तीसरे टेस्ट के पांचवें दिन ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 288 रनों की जरूरत थी लेकिन ऐसा कभी नहीं लगा कि वह लक्ष्य हासिल कर पाएंगे। पहले ही ओवर में दो विकेट गंवाने के बाद मेहमान टीम 18 ओवर में 42 रन पर 6 विकेट खो चुकी थी और अंततः पूरी टीम महज 111 रनों पर सिमट गई। तीसरे टेस्ट को जीतकर साउथ अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज को 2-1 से जीता।
इस नतीजे के बाद साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ते हुए आईसीसी पुरुष टेस्ट टीम रैंकिंग में नंबर 1 स्थान हासिल किया, जबकि ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भी खिसककर तीसरे नंबर पर आ गया है। 'फॉक्स स्पोर्ट्स' पर बात करते हुए वॉर्नर ने कहा, "मैं बहुत निराश हूं। यह बहुत बुरा है। यह ऑस्ट्रेलियाई मूल्यों के खिलाफ है। टीम में लड़ने का कोई जज्बा ही नहीं दिखा। यह शर्मनाक है। 288 रन का लक्ष्य था, आप एक टेस्ट मैच जीत सकते थे, सीरीज जीत सकते थे। सब कुछ दांव पर लगा था। क्या वह इसी तरह खेलते हैं?"