आईपीएल 2026 में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच खेले गए मुकाबले में पंजाब ने 5 विकेट से जीत हासिल की। इस मैच में सीएसके की तरफ से आयुष म्हात्रे और पंजाब की तरफ से प्रियांश आर्या ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स के 'अमूल क्रिकेट लाइव' पर बात करते हुए, जियोस्टार से कमेंटेटर के रूप में जुड़े महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर और चेतेश्वर पुजारा ने प्रियांश आर्य की लेंथ पढ़ने और गेंदबाजों पर हावी होने की क्षमता, सीएसके की गेंदबाजी की चिंताओं और रोहित शर्मा की फिटनेस पर चर्चा की।
सुनील गावस्कर ने सीएसके की गेंदबाजी की मुश्किलों पर कहा, "हमने अब तक जो देखा है, उसके हिसाब से, बाकी टूर्नामेंट के लिए सीएसके की सबसे बड़ी चिंता उनकी गेंदबाजी होगी। उन्हें अपने गेंदबाजों को मौका देने के लिए लगातार 225-230 के आसपास स्कोर करना पड़ सकता है। ज्यादातर टीमों के पास बल्लेबाजी में काफी गहराई है। पंजाब किंग्स में मार्कस स्टोइनिस बल्लेबाजी के लिए नंबर 7 पर आए और सही क्रिकेटिंग शॉट्स के साथ बॉल को अच्छे से हिट किया। चेन्नई को अपनी गेंदबाजी को ठीक करने की जरूरत होगी।"