Women's Emerging Nations Trophy: बाएं हाथ की बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा 'आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी' में श्रीलंकाई टीम की कमान संभालेंगी। बुधवार को घोषित 14 सदस्यीय टीम में नियमित कप्तान चामरी अट्टापट्टू को शामिल नहीं किया गया है। वहीं, करीब 6 साल बाद दाएं हाथ की तेज गेंदबाज सत्या संदीपनी को टी20 टीम में शामिल किया गया है।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होने वाली प्रतियोगिता के लिए श्रीलंकाई टीम में विश्मी गुणरत्ने और नीलाक्षिका सिल्वा की वापसी हुई है, जिन्हें एशियन गेम्स के लिए टीम में जगह नहीं मिली थी। तेज गेंदबाज मल्की मदारा को भी टीम में चुना गया है, जो एशिया कप और एशियन गेम्स दोनों में नहीं खेल सकी थीं।
सत्या संदीपनी की टी20 टीम में वापसी हुई है। संदीपनी ने अपना इकलौता टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच फरवरी 2020 में भारत के खिलाफ खेला था। संदीपनी ने अब तक वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में डेब्यू नहीं किया है। चामरी फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में होबार्ट हरिकेंस की तरफ से खेल रही हैं।