आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 की टूर्नामेंट निदेशक बेथ बैरेट-वाइल्ड ने कहा है कि वे महिला क्रिकेट में गतिशीलता बनाए रखने के लिए एक ब्लूप्रिंट पर काम कर रही हैं। यह बात उन्होंने 2017 महिला वनडे विश्व कप से सीखी थी। वाइल्ड ने कहा कि एक बार मांग पैदा होने के बाद, उसे पूर्ति के साथ बेहतर बनाना जरूरी है।
महिला टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत से पहले आईएएनएस से खास बातचीत में वाइल्ड ने कहा, "2017 वनडे विश्व कप से सबसे बड़ी सीख यह मिली थी कि नए फैन्स के लिए महिला क्रिकेट देखने का कोई आगे का रास्ता नहीं था। मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत भाग्यशाली थी कि मुझे 2017 महिला 50-ओवर क्रिकेट विश्व कप में काम करने का मौका मिला, जिसकी मेजबानी हमने की थी। हमारा काम पर्दे के पीछे का था और कोशिश यह थी कि हम उस पल का ज्यादा से ज्यादा फायदा उठा सकें, जिसे हमने फाइनल तक जारी रखा।"
उन्होंने कहा, "लॉर्ड्स में इंग्लैंड बनाम भारत का फाइनल (2017 महिला वनडे विश्व कप), जिसके सारे टिकट बिक गए थे, इंग्लैंड में शायद पहला मौका था जब हमने क्रिकेट जैसे पुरुषों के दबदबे वाले खेल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़े पैमाने पर आगे बढ़ते और देश के लोगों का दिल जीतते देखा। फाइनल के सभी टिकट बिक जाने से यह साबित हो गया कि अगर आप महिला क्रिकेट को चमकने का मौका दें, उसकी सही मार्केटिंग करें और टिकट बेचने की अच्छी रणनीति अपनाएं, तो ऐसे दर्शक मौजूद हैं जो इसे देखना चाहते हैं। वह बड़ा फाइनल मैच होना बहुत जरूरी था।"