पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी पसंदीदा भारतीय टीम चुनी है। उन्होंने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए कई दिग्गजों को अपनी टीम में जगह दी है और साथ ही दिग्गज तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) की वनडे टीम में वापसी का समर्थन किया है।
अश्विन ने गुरुवार (20 जुलाई) को क्रिकइन्फो द्वारा उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की गई वीडियो में यह टीम चुनी। उन्होंने अपनी टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली और शुभमन गिल को टॉप ऑर्डर में रखा है। इसके अलावा उन्होंने श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और ईशान किशन को भी स्क्वाड में जगह दी। ऑलराउंडर के तौर पर अश्विन ने हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल पर भरोसा जताया है। वहीं स्पिन विभाग की जिम्मेदारी उन्होंने कुलदीप यादव को सौंपी है। तेज गेंदबाजी आक्रमण में उन्होंने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा को चुना।
हालांकि कुछ खिलाड़ियों को लेकर अश्विन पूरी तरह आश्वस्त नहीं दिखे। उन्होंने यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, वरुण चक्रवर्ती, रविंद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा को "शायद" वाली लिस्ट में रखा। यानी इन खिलाड़ियों को लेकर उनका मानना है कि अंतिम टीम में जगह मिल भी सकती है और नहीं भी।