T20 World Cup: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 4 मुकाबलों में भारत की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा 36.25 की औसत के साथ 145 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतकीय पारियां भी खेलीं। शेफाली ने मौजूदा टूर्नामेंट में बेहतर रन बनाने का श्रेय अपनी बैटिंग को आसान बनाने के फैसले को देते हुए बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद अपनी सोच में बदलाव करने से उन्हें ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध भारत के अहम आखिरी ग्रुप-स्टेज मैच से पहले ज्यादा आजादी के साथ खेलने में मदद मिली है।
'ग्रुप-ए' में शामिल भारतीय टीम 4 में से 3 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है, जबकि अपने शुरुआती चारों मैच जीतने के साथ ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है। पाकिस्तान और नीदरलैंड की टीम खिताबी रेस से बाहर है, जबकि साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश फिलहाल इस दौड़ में बनी हुई है।
सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने के लिए भारतीय टीम का यह मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है। इस अहम मैच से पहले शेफाली ने अपनी बल्लेबाजी के तरीके, गेंदबाजी की जिम्मेदारियों, भारत की फील्डिंग और छह बार की चैंपियन टीम के खिलाफ पिछली जीत से टीम को मिले आत्मविश्वास पर भी बात की।