Celebrate Champions: बतौर कप्तान भारत को मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार यादव इस फॉर्मेट में जगह न मिल पाने के कारण पिछले कुछ मुश्किल महीनों से गुजरे, लेकिन अब आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (स्मैट) में मुंबई की कमान संभालने को तैयार हैं, हालांकि सूर्या ने यह स्वीकार किया है कि उन्हें अभी बहुत कुछ सीखना है।
सूर्या रणजी ट्रॉफी टीम का हिस्सा न बन पाने की कसर को पूरा करना चाहते हैं। साथ ही वे टीम के युवा खिलाड़ियों के साथ बातचीत करने, विचारों का आदान-प्रदान करने और मुंबई तथा भारत के लिए खेलते हुए पिछले 16 वर्षों में उन्होंने जो अनुभव और समझ हासिल की है, उसे युवाओं के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हैं।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा टी20 मुंबई लीग की पुरुष और महिला टीमों के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम में सूर्यकुमार यादव ने कहा, "इन खिलाड़ियों के साथ समय बिताना और इस एसोसिएशन के लिए खेलना मेरे लिए खुशी और सौभाग्य की बात होगी। मैं हमेशा से यहीं रहा हूं। पिछले 16 वर्षों से मैं इसी माहौल का हिस्सा हूं और वह ऊर्जा और जुनून आज भी बरकरार है। मुझे इस सफर को आगे बढ़ाने, इस बार टीम की कप्तानी करने और टूर्नामेंट जीतने में बहुत खुशी होगी।"