West Indies: रांची में शुक्रवार को वेस्टइंडीज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारत के खिलाफ 250 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज करते हुए इतिहास रचा। कैरेबियाई टीम के आसानी से लक्ष्य तक पहुंचने के बाद स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों के लिए लगातार आसान होती परिस्थितियों पर चिंता जताई है।
चहल ने तर्क दिया कि सपाट पिच, ओस और छोटी बाउंड्री के कारण गेंदबाजों के लिए मुकाबले में बने रहना मुश्किल होता जा रहा है।
जियोस्टार के साथ बात करते हुए चहल ने कहा, "ऐसी पिचों पर गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं होता। जब गेंद पुरानी हो जाती है और ओस पड़ती है, तो गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और मैदान भी छोटे होते जा रहे हैं। हमने आईपीएल में भी ऐसा देखा है, जहां 19 ओवर में 260 रन का लक्ष्य हासिल किया गया। इस मैच में भी 18.3 ओवर में आसानी से 250 रन बना लिए गए। तो, गेंदबाज क्या करें? उनकी स्किल का क्या फायदा?"