पंजाब किंग्स के क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता रिटायर्ड स्पेशल डायरेक्टर जनरल (डीजी) शैलेश सिंह पर उनके घर के रसोइए ने मारपीट का आरोप लगाया है। रसोइए ने दोनों पर मारपीट, गाली-गलौज और जबरदस्ती मोबाइल छीनने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। शशांक सिंह ने रसोइए के आरोपों से इनकार किया है।
शशांक सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मेरी उससे कोई खास बातचीत नहीं थी। मैंने उससे पहले दिन सिर्फ यही पूछा कि क्या-क्या बना लेते हो, और उसने कहा था कि मैं सबकुछ बना लेता हूं। बाद में उसने कहा कि वह कुछ भी नहीं बना पाता। ऐसे झूठे आदमी के बारे में क्या बोलूं।"
शशांक ने कहा, "हमारे घर में उसके साथ मार-पीट नहीं हुई। वह घर पर हमारे फोटो, वीडियो निकालता था। फोटो-वीडियो के लिए उसे जरूर मां ने डांटा था। जहां सजावट का सामान था, वहां से गणपति की मूर्ति गायब भी हुई है। जब उसे डांटा गया, उस समय मैं ऊपर सो रहा था। मैं जब ऊपर से आया, तो मम्मी उसे निकलने को बोल रही थी। मुझे लगता है कि बाद में कहीं ये चोरी का मामला न निकले।"