भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 में टीम की गेंदबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। उन्होंने कहा कि मेजबान टीम ने पावरप्ले के दौरान खासकर तीसरे ओवर में मोमेंटम हासिल कर लिया, जो शुक्रवार को ईडन पार्क के मैदान में मिली 87 रनों की हार का एक बड़ा कारण बना।
न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज की। ग्लेन फिलिप्स ने 49 गेंदों पर शानदार 107 रन बनाए, जबकि माइकल ब्रेसवेल ने सिर्फ 25 गेंदों पर 65 रनों का योगदान दिया। इनकी बदौलत न्यूजीलैंड ने 259/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो उनका अब तक का सबसे बड़ा टी20 स्कोर है। इसके जवाब में भारतीय टीम 20 ओवरों में 9 विकेट गंवाकर 172 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड के लिए जैकब डफी ने सर्वाधिक चार विकेट लिए।
मैच के बाद अय्यर ने स्वीकार किया कि भारत की गेंदबाजी उम्मीद से काफी कमजोर रही। इसके साथ ही उन्होंने ग्लेन फिलिप्स की बेहतरीन पारी की तारीफ भी की। अय्यर ने कहा, "हां, बिल्कुल। मुझे लगता है कि शुरुआत में हमारी गेंदबाजी में कुछ कमी रह गई। पावरप्ले में खासकर तीसरे ओवर में उन्हें वहां से मोमेंटम मिल गया। हमारे कुछ गेंदबाजों ने दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन ग्लेन ने वाकई शानदार पारी खेली। उन्होंने कुछ बेहतरीन शॉट्स लगाए, जिन्हें देखना वाकई सुखद था। उन्हें बधाई। वह पूरी सीरीज में लगातार अच्छा खेल रहे हैं, इसलिए उनसे काफी कुछ सीखा जा सकता है।"