भारत ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच में अफगानिस्तान के विरुद्ध 7 विकेट से जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में हर्ष दुबे और गुरनून बरार को डेब्यू का मौका दिया गया, जिन्होंने मिलकर 6 विकेट हासिल किए। कप्तान गिल ने इन खिलाड़ियों को सराहा है।
बरार ने 4.5 ओवरों में 27 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि दुबे ने 5 ओवरों में 47 रन देकर 3 विकेट निकाले। दुबे-बरार की तारीफ में कप्तान ने कहा, "वे काफी प्रभावशाली रहे। सबसे पहले, गुरनूर ने जिस तरह गेंदबाजी की, वह शानदार थी। उनकी गति बेहतरीन थी। वे गेंद को स्विंग करवा रहे थे। इसके साथ ही जिस लंबाई पर उन्होंने लगातार गेंदबाजी की, वह काबिल-ए-तारीफ थी। इसी तरह हर्ष ने भी शानदार वापसी की। मुझे लगता है कि पहले ओवर में उन्होंने 16-17 रन दिए थे, लेकिन उसके बाद जिस तरह उन्होंने मैच में वापसी की, खुद पर भरोसा बनाए रखा और लगातार गेंद को ऊपर टप्पा देकर फेंकते रहे, वह बहुत प्रभावशाली था।"
धर्मशाला में बारिश के चलते मैच शाम 5 बजकर 45 मिनट पर शुरू हुआ और 25-25 ओवरों की कटौती की गई। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम 24.5 ओवरों में 194 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में भारत ने 22.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।