ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया तीसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा। ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया।
लगातार होती बारिश के चलते तीसरे टी20 मुकाबले का टॉस देरी से हुआ। बारिश की वजह से हुई देरी के चलते मैच को 14-14 ओवर का किया गया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में सोफी मोलिनेक्स ने मेली केर को सिर्फ 4 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। इसके बाद अगले ही ओवर में किम गार्थ ने जॉर्जिया प्लिमर को क्लीन बोल्ड करते हुए सिर्फ 2 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा।
2.4 ओवर के खेल के बाद न्यूजीलैंड ने 2 विकेट खोकर 11 रन बनाए ही थे तभी एक बार फिर तेज बारिश शुरू हो गई और मैच को रोकना पड़ा। इसके बाद बारिश की रफ्तार लगातार तेज होती चली गई और अंत में मैच को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा। पहले दो टी20 इंटरनेशनल मुकाबले जीतने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया। पहले टी20 में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 2 विकेट से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 162 रन बनाए थे। हालांकि, इस लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट खोकर 18.5 ओवर में हासिल कर लिया था।