AFG vs IND 3rd T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला गुरुवार (17 सितंबर) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में अफगानिस्तान को 127 रन के बड़े अंतर से हराकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया।
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की इस पारी के सबसे बड़े स्टार युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने महज 30 गेंदों में शतक ठोककर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया। वह किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
अभिषेक ने अपनी पारी में कुल 34 गेंदों का सामना किया और 108 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। अभिषेक को इस दौरान दूसरे छोर पर संजू सैमसन का भी शानदार साथ मिला। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 59 गेंदों में 142 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की। संजू ने भी अच्छी में लय में बल्लबाजी करते हुए 35 गेंदों में 50 रन बनाए।