Razaullah Dismissed Joe Root: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला बुधवार (9 सितंबर) से बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन पाकिस्तान की पहली पारी सिर्फ 133 रन पर सिमट गई, लेकिन गेंदबाजी में टीम ने अच्छी वापसी करते हुए इंग्लैंड को भी शुरुआती झटके जल्दी दे दिए।
इंग्लैंड की पारी की शुरुआत भी बल्लेबाजी में उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। टीम ने 24 रन के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज और कप्तान जो रूट मैदान पर उतरे।
जो रूट अभी क्रीज पर टिकने की कोशिश ही कर रहे थे कि पाकिस्तान के 21 वर्षीय डेब्यूडेंट तेज गेंदबाज रज़ाउल्लाह (Razaullah) ने उन्हें अपना शिकार बना लिया। खास बात यह रही कि रज़ाउल्लाह का यह टेस्ट ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट में भी डेब्यू मुकाबला है। रज़ाउल्लाह इंग्लैंड की पारी का 12वां ओवर लेकर गेंदबाजी करने आए। उन्होंने जो रूट के खिलाफ स्टंप्स को निशाना बनाते हुए लेंथ गेंद डाली। गेंद पिच पर पड़ने के बाद हल्की सी अंदर की तरफ आई और रूट क्रीज में ही फंस गए। गेंद रूट के बल्ले को छकाते हुए सीधे उनके फ्रंट पैड पर जा लगी। पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की और अंपायर ने भी तुरंत अपनी उंगली उठा दी।