तीसरा टी20: ऑस्ट्रेलिया-ए ने भारतीय महिला टीम को 7 रन से हराया, सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप (तीसरा टी20: ऑस्ट्रेलिया-ए ने भारतीय महिला टीम को 7 रन से हराया, सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप)
ऑस्ट्रेलिया-ए विमेंस ने भारत-ए विमेंस के खिलाफ गुरुवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे अनाधिकारिक टी20 मैच को 7 रन से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज का पहला मैच 6 विकेट से अपने नाम किया था, जिसके बाद दूसरा मुकाबला 30 रन से जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली थी।
गुरुवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए। सलामी जोड़ी के रूप में ताहलिया विल्सन और रेचल ट्रेनामन ने 24 रन की साझेदारी की। ताहलिया 10 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद 42 के स्कोर तक रेचल (20) भी पवेलियन लौट गईं।