इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में जारी टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में जीत के लिए 202 रन का विशाल टारगेट रखा है। टीम इंडिया इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में 1-1 से बराबरी करने के इरादे से उतरी है।
नॉटिंघम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 201 रन बनाए। जोस बटलर ने फिल साल्ट के साथ 5.1 ओवरों में 43 रन की साझेदारी की। बटलर 21 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 36 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद साल्ट ने कप्तान हैरी ब्रूक के साथ दूसरे विकेट के लिए 28 रन जोड़े। ब्रूक ने 12 गेंदों में 16 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। यहां से साल्ट ने जैकब बेथेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 40 रन जुटाए। हर्षित राणा ने 12वें ओवर की अंतिम दो गेंदों पर बेथेल (13) और टॉम बेंटन (0) का विकेट हासिल किया।