साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ न्यूलैंड्स में खेले गए टेस्ट सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच को 176 रन से अपने नाम किया। मेजबान टीम ने सीरीज 2-1 से जीतकर आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पहला स्थान अपने नाम कर लिया है।
साउथ अफ्रीका ने तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट सीरीज के पहले मैच को 214 रन से जीता, लेकिन साउथ अफ्रीका ने सीरीज के दूसरे मैच में पारी और 31 रन से दमदार जीत हासिल करते हुए अंतिम मुकाबले को निर्णायक बना दिया था।
केप टाउन में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने पहली पारी में 329 रन बनाए। एडेन मार्करम (78) ने मार्कस एकरमैन (95) के साथ पहले विकेट के लिए 158 रन की साझेदारी की, जबकि रयान रिकेल्टन (42) ने मार्को जानसेन (52) के साथ सातवें विकेट के लिए 95 रन जोड़े। इनके अलावा, डेविड बेडिंगहम ने 50 रन की पारी खेली। इस पारी में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क ने 72 रन देकर 6 विकेट हासिल किए, जबकि नाथन लियोन को 2 विकेट हाथ लगे।