Pakistan Cricket Final: एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर भारतीय क्रिकेट टीम के गोल्ड मेडल जीतने पर ईशान किशन ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे देश की है। ईशान ने अपना गोल्ड मेडल सभी भारतीयों को समर्पित किया और कहा कि मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट में मिली सफलता हर उस व्यक्ति की होती है, जिसने खिलाड़ियों का समर्थन और हौसला बढ़ाया है।
शनिवार को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में हुए फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर भारत ने एशियन गेम्स में पुरुषों की क्रिकेट स्पर्धा का गोल्ड मेडल बरकरार रखा। इसके साथ ही, इस महाद्वीपीय इवेंट में भारत को 19वां गोल्ड मेडल मिला। मैच के बाद ईशान किशन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "यह बहुत अहम है क्योंकि जैसा कि मैंने अभी कहा कि जब हम मेडल जीतते हैं, खासकर एशियन गेम्स में तो यह सिर्फ हमारी जीत नहीं होती, बल्कि पूरे भारत की जीत होती है। हर कोई जीतता है, क्योंकि हमने सभी के आशीर्वाद के साथ खेला और यह मैच जीता। इसी वजह से जाहिर है कि यह बहुत अच्छा एहसास है।"
उन्होंने आगे कहा, "यह पूरे भारत की जीत है। जैसा कि मैंने कहा, जब आप एशियाई खेल खेलते हैं या ओलंपिक में जाते हैं, तो यह कभी इस बारे में नहीं होता कि आपने क्या अच्छा किया और जीत हासिल की। यह पूरे भारत की जीत है और मैं हमेशा चाहूंगा कि हम जो भी जीतें, उसका आनंद पूरा भारत ले।"