न्यूजीलैंड दौरे के लिए शुक्रवार को भारत की वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान किया गया। हालांकि, यशस्वी जायसवाल को एकदिवसीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। सिलेक्टर्स का यह फैसला भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को रास नहीं आया है।
अश्विन ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनी गई वनडे टीम में यशस्वी को शामिल न करने पर नाराजगी जाहिर की है। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा, "अगर शुभमन गिल आखिरी दो वनडे नहीं खेलते हैं, तो उनकी जगह पर निश्चित रूप से यशस्वी जायसवाल को मौका मिलना चाहिए। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि इससे उनका आत्मविश्वास डगमगा सकता है, खासकर तब जब वह इतने अच्छे रन बना रहे थे।"
पूर्व गेंदबाज ने आगे कहा, "मैं शुभमन गिल की स्थिति समझ सकता हूं, क्योंकि वह लगातार यात्रा कर रहे हैं। मैं केएल राहुल की स्थिति भी समझ सकता हूं। हालांकि, यशस्वी जायसवाल को तो बिल्कुल भी खेलने का समय नहीं मिला है, है ना? मैं सिर्फ जायसवाल को मौके देने के नजरिए से यह बात नहीं कह रहा हूं। उनका आत्मविश्वास पूरी तरह से खत्म हो रहा है। मुझे नहीं पता, लेकिन अगर आप उनकी बल्लेबाजी को देखें, तो वह उस तरह से बल्लेबाजी नहीं कर रहे हैं जैसे वह दो या तीन साल पहले किया करते थे।"