पाकिस्तान के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने शनिवार को कहा कि वनडे ट्राई-सीरीज से पहले उनकी टीम को लगातार तीन दिन तक ट्रेनिंग करने का मौका मिला, जो उनके लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।
पाकिस्तान रविवार को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ इस ट्राई-सीरीज की शुरुआत करेगा, और 20 अक्टूबर को इसी मैदान पर इंग्लैंड का सामना करेगा। शाहीन ने कहा, "हम अपने घरेलू मैदान पर दो बहुत अच्छी टीमों के खिलाफ एक व्यस्त वनडे क्रिकेट सीजन की शुरुआत करने के लिए उत्साहित हैं। तीनों टीमों में कई कुशल और प्रतिभाशाली क्रिकेटर होने की वजह से यह ट्राई-सीरीज काफी प्रतिस्पर्धी होने वाली है। एक कप्तान के तौर पर मैं अपने खिलाड़ियों को पूरा समर्थन और सहयोग देना चाहता हूं, ताकि वह मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।"
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक बयान में शाहीन ने कहा, "हमें लगातार तीन दिनों तक ट्रेनिंग करने का मौका मिला। लाहौर जाने से पहले जब हम तीन दिनों के अंदर श्रीलंका और इंग्लैंड का सामना करेंगे, तो यह तैयारी हमारे बहुत काम आएगी।"