दांबुला में श्रीलंका ए और भारत ए के बीच त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का करिश्मा दिखाया और महज 29 गेंदों पर 94 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान मात्र 11 गेंदों पर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। यह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड है।
वैभव की पारी से उनके कोच मनीष झा बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि वैभव के पास गेंद को समझते हुए उस पर शॉट लगाने की, जो क्षमता है, वो किसी अन्य भारतीय बल्लेबाज के पास नहीं है।
मनीष झा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "वैभव ने हर मैच में अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन वह उसे बड़ी पारी में बदलने में सफल नहीं हो पा रहा था। फाइनल में उन सभी कमियों को दूर करते हुए उसके बल्ले से एक बेहतरीन पारी आई। उसके शुरुआती 50 रन सिर्फ 11 गेंदों में आ गए थे। इस दौरान वैभव ने 5 चौके और 5 छक्के लगाए थे। वैभव की इस पारी की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि गेंद को उसकी मेरिट के हिसाब से खेला और जो बेहतर शॉट हो सकता था, वह उनके बल्ले से आया। अफसोस यह है कि उनका शतक नहीं आया, वरना 30 गेंदों पर शतक वाला रिकॉर्ड भी टूट जाता। मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द ही सबसे तेज शतक वाला रिकॉर्ड भी टूटेगा।"