पूर्व भारतीय क्रिकेटर और रॉयल डेजर्ट चैंपियंस के टीम डायरेक्टर रॉबिन सिंह ने कहा कि 'टी10 क्रिकेट' में सफलता हासिल करने के लिए खिलाड़ियों के पास बेहद उच्च स्तर का कौशल होना जरूरी है।
टी20 क्रिकेट की चुनौतियों ने पहले ही कुछ पारंपरिक बल्लेबाजों की परीक्षा ली है, क्योंकि इसमें खेलने की तकनीक टेस्ट फॉर्मेट से काफी अलग होती है। हालांकि, 60 गेंदों वाली लीग बल्लेबाजों के लिए एक बिल्कुल अलग चुनौती पेश करती हैं, जिसमें उन्हें पहली गेंद से ही आक्रामक खेलना पड़ता है।
'आईएएनएस' से खास बातचीत में रॉबिन ने बताया कि टी10 क्रिकेट, टी20 क्रिकेट से किस तरह अलग है? उन्होंने कहा, "टी10 कुछ हद तक टी20 मैच के आखिरी 10 ओवर या पावरप्ले में खेलने जैसा है। टी10 में आपको बहुत अधिक जोखिम उठाना पड़ता है। इसलिए आपका स्किल लेवल बहुत ऊंचा होना चाहिए। जिन्हें अपनी स्किल्स को लेकर आत्मविश्वास होता है, वही सफल होते हैं। अगर आप खुद पर शक करते हैं, तो टी10 में मुश्किल में पड़ जाएंगे।"