भारत के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ किसी एक खिलाड़ी का अच्छा प्रदर्शन काफी नहीं होता, बल्कि पूरी टीम द्वारा की गई मेहनत ज्यादा मायने रखती है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग हालात में खुद को ढालने और पार्टनरशिप में गेंदबाजी करने की काबिलियत ने उन्हें टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाने में मदद की है।
2023 से अब तक 9 टेस्ट मैचों में प्रसिद्ध ने 32 विकेट लिए हैं, जबकि 28 वनडे मैचों में उन्होंने 50 विकेट चटकाए हैं। प्रसिद्ध ने शुक्रवार को 'जियोस्टार' से कहा, "मुझे लगता है कि हालात चाहे जैसे भी हों, खुद को ढालने और अच्छा प्रदर्शन करने की काबिलियत सबसे जरूरी है। आप कहीं भी खेलें, आपको पूरी ताकत और जोश के साथ गेंदबाजी करने के लिए तैयार रहना होगा। अपने गेंदबाजी पार्टनर को समझना भी महत्वपूर्ण है। बल्लेबाजी की तरह ही गेंदबाजी में भी साझेदारी की आवश्यकता होती है। एक-दूसरे का साथ देकर आपको टीम की जरूरत के हिसाब से प्रदर्शन करना होता है।"
भारत अपने घरेलू सीजन की शुरुआत वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज से करेगा, जो 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में शुरू होगी। यह सीरीज आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 की तैयारी का एक शुरुआती कदम है, इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक अहम घरेलू टेस्ट सीरीज भी होनी है।