लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी ने माना है कि ऋषभ पंत के लिए कप्तानी का रोल चुनौतीपूर्ण रहा, जिसका असर टीम के प्रदर्शन में साफतौर पर नजर आया। उन्होंने संकेत दिए कि अगले सीजन में टीम मैनेजमेंट कप्तान बदलने पर विचार कर सकता है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2026 का अंत अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर रहते हुए किया। पंत की अगुवाई में टीम इस सीजन में 14 मुकाबलों में से सिर्फ 4 में ही जीत दर्ज कर सकी, जबकि 10 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा। शनिवार को अपने घरेलू मैदान पर एलएसजी को पंजाब किंग्स के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स की अब तक कुल 28 मुकाबलों में कप्तानी की है, जिसमें से टीम को 18 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि लगातार दूसरे सीजन टीम प्लेऑफ का टिकट हासिल करने में नाकाम रही है। पंत आईपीएल 2026 में खुद बल्ले से संघर्ष करते हुए नजर आए और इस सीजन उन्होंने 28 की मामूली औसत से 312 रन बनाए।