जिम्बाब्वे ने यूएई में खेली जा रही वनडे त्रिकोणीय सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की है। शनिवार को शेख जाएद स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को 99 रन के बड़े अंतर से हराया।
जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ब्रायन बेनेट (0), बेन करन (6) और तफाद्जवा त्सिगा (16) 7वें ओवर में 24 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए थे। 24 रन पर तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी जिम्बाब्वे को अनुभवी बल्लेबाजों ब्रेंडन टेलर और क्रेग इरविन ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 174 तक पहुंचाया। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने सिंगल, डबल से पारी को संवारा और कमजोर गेंदों पर बाउंड्री भी लगाई। टेलर पांचवें विकेट के रूप में 101 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुए।
क्रेग इरविन शतक से चूक गए। इरविन 106 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 93 रन बनाकर आउट हुए। दोनों के साथ सिकंदर रजा (4), मधेवेरे (17) और ब्रैड इवांस (5) का विकेट भी जल्दी गिर गया। जिम्बाब्वे ने अपने 8 विकेट 234 रन पर खो दिए।