श्रीलंका में खेले जा रहे त्रिकोणीय सीरीज की शुरुआत इंडिया ए ने जीत के साथ की है। इंडिया ए ने रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका ए को 8 रन से हरा दिया। भारतीय टीम ने श्रीलंका को जीत के लिए 278 रन का लक्ष्य दिया था। श्रीलंका 269 रन पर सिमट गई और 8 रन से मैच हार गई।
श्रीलंका की तरफ से पारी की शुरुआत निरोशन डिकवेला और अविष्का फर्नांडो ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। 93 के स्कोर पर अविष्का 59 गेंद पर 45 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 99 के स्कोर पर निरोशन के रूप में श्रीलंका को दूसरा झटका लगा। निरोशन 45 गेंदों पर 47 रन बनाकर आउट हुए। 109 पर श्रीलंका को तीसरा झटका भी लगा, जब नुवानीडू फर्नांडो 8 रन बनाकर आउट हुए।
सदीरा समरविक्रमा और कप्तान साहन अराचिगे ने चौथे विकेट के लिए 78 रन जोड़कर मैच में श्रीलंका की फिर वापसी कराई। समरविक्रमा ने 46 रन बनाए और चौथे विकेट के रूप में 187 के स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद विकेटों के गिरने का क्रम लगातार जारी रहा, लेकिन कप्तान अराचिगे ने एक छोर थामे रखा और बेहतरीन अर्धशतक लगाया। सातवें विकेट के रूप में आउट होने से पहले कप्तान ने 72 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली। उनका विकेट जब गिरा, उस समय श्रीलंका को मात्र 16 रन की आवश्यकता थी। कप्तान अराचिगे का विकेट गिरते ही श्रीलंकाई बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और 48.5 ओवर में 269 रन पर सिमट गई और 8 रन से हार गई।