महिला एशिया कप 2026 के लिए यूएई की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान हो गया है। 28 अगस्त से दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले टूर्नामेंट के लिए टीम की कमान अनुभवी ऑलराउंडर ईशा ओझा को सौंपी गई है।
मेजबान टीम को ग्रुप बी में बांग्लादेश, इंडोनेशिया और मौजूदा चैंपियन श्रीलंका के साथ रखा गया है। यूएई अपने अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को श्रीलंका के खिलाफ करेगी, इसके बाद 4 सितंबर को इंडोनेशिया और 8 सितंबर को टीम की भिड़ंत बांग्लादेश से होगी।
टूर्नामेंट के सभी मैच फ्लडलाइट्स में खेले जाएंगे और स्थानीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होंगे। दो सेमीफाइनल 10 और 11 सितंबर को खेले जाने हैं, जबकि फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। यह पहली बार है जब यूएई इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। यूएई और थाईलैंड दोनों ने जून में मलेशिया में आयोजित 2026 एसीसी प्रीमियर महिला कप के जरिए मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया था।