मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 में शुक्रवार को सलामी जोड़ी के रूप में आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने नाबाद अर्धशतक जड़े, जिसके दम पर भारत ने नेपाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।
शुक्रवार को अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड में 129 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए, आर्यवीर और रायचंदानी ने भारत को सिर्फ 19.1 ओवर में ही जीत दिला दी। इससे पहले, तेज गेंदबाज ईशान सूद ने तीन विकेट चटकाए, जिसकी बदौलत नेपाल की पूरी टीम 42.3 ओवर में 128 रनों पर सिमट गई।
पिच पर घास की हल्की परत थी, जिस पर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लेते हुए सूद ने अपने शुरुआती 6 ओवरों के स्पेल में गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराया और कई बार बल्लेबाजों को छकाया। सूद ने तीन विकेट लिए, जिससे नेपाल के बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए। सूद ने लगातार 10 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 4 मेडन ओवर शामिल रहे और उन्होंने 18 रन देकर 3 विकेट लिए।