भारत की अंडर-19 टीम ने बुधवार को निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल की। इसी के साथ मेजबान टीम ने अनाधिकारिक सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' कर लिया है।
भारतीय टीम ने सीरीज का पहला मैच 7 रन से जीता था। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में 30-30 ओवरों की कटौती हुई थी। इसके बाद भारत की अंडर-19 टीम ने सीरीज का दूसरा मैच 103 रन से अपने नाम किया। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया खेमे के पास अंतिम मैच जीतकर सम्मान बचाने का मौका था, लेकिन मेहमान टीम इसमें नाकाम रही।
बुधवार को खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम 49.3 ओवरों में 254 रन पर सिमट गई। जेड हॉलिक ने चार्ली हेंडरसन (18) के साथ पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े, जिसके बाद हॉलिक ने नील पटेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 62 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। हॉलिक 88 गेंदों में 87 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 12 चौके शामिल रहे।