इंडिया-ए विमेंस ने ऑस्ट्रेलिया-ए विमेंस के खिलाफ जारी अनाधिकारिक टेस्ट मुकाबले में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में जारी इस मुकाबले के दूसरे दिन की समाप्ति तक भारतीय टीम के पास 322 रन की मजबूत बढ़त है।
चार दिवसीय मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी इंडिया-ए विमेंस ने अपनी पहली पारी में 364 रन बनाए। शुभा सतीश और प्रिया पुनिया की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की। शुभा 59 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि प्रिया ने 46 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
मेजबान टीम ने 120 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद तनीषा सिंह ने अनुष्का शर्मा के साथ 82 रन और निकी प्रसाद के साथ 111 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। तनीषा 12 चौकों के साथ 92 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि निकी ने 14 चौकों और 2 छक्कों के साथ 91 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से लिल्ली मिल्स ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए। चार्ली नॉट ने 3 विकेट चटकाए।