ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र अनौपचरिक टेस्ट मैच का दूसरा दिन भारतीय महिला टीम के नाम रहा। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 176 रनों पर समेटने के बाद भारतीय टीम ने दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 134 रन बना लिए हैं।
भारतीय टीम पहली पारी में 364 रन बनाकर ऑलआउट हुई। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया-ए टीम की शुरुआत अच्छी रही। ताहलिया विल्सन और कप्तान राहेल ट्रेनामन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। ताहलिया 35 रन बनाकर निकी प्रसाद का शिकार बनीं। वहीं, कप्तान राहेल भी अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहीं और 44 रन बनाकर आउट हुईं।
कर्टनी वेब भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और वह 14 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। चार्ली नॉट को 15 रनों के स्कोर पर वैष्णवी शर्मा ने आउट किया। अनिका लेरॉयड 12 रन ही बना सकीं, जबकि टेस फ्लिंटॉफ 11 रन बनाकर आउट हुईं। सियाना जिंजर अपना खाता तक नहीं खोल सकीं, जबकि मिली इलिंगवर्थ 5 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। निकोल फाल्टम 24 रन बनाकर नाबाद रहीं। हालांकि, उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका।