इंडिया-ए विमेंस ने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में जारी अनाधिकारिक टेस्ट मैच के पहले दिन 9 विकेट खोकर 351 रन बनाए। भारतीय टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में शुभा सतीश, तनीषा सिंह और निकी प्रसाद का अहम योगदान रहा।
चार दिवसीय मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। शुभा ने प्रिया पुनिया के साथ पहले विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की। प्रिया 8 बाउंड्री के साथ 46 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि 120 के स्कोर तक 4 विकेट गिर गए। इस बीच शुभा 10 चौकों के साथ 59 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
यहां से अनुष्का शर्मा ने तनीषा सिंह के साथ पांचवें विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। अनुष्का 4 चौकों और 1 छक्के के साथ 44 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद तनीषा ने निकी प्रसाद के साथ छठे विकेट के लिए 111 रन जोड़कर टीम को 300 के पार पहुंचा दिया।