श्रीलंका-ए के खिलाफ गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी दूसरे अनाधिकारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच में भारत-ए ने शानदार बढ़त हासिल कर ली है। तीसरे दिन की समाप्ति तक भारतीय टीम ने 8 विकेट गंवाकर 541 रन बना लिए हैं। मेहमान टीम के पास 175 रन की शानदार बढ़त है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने पहली पारी में 366 रन बनाए। पवनथा वीरासिंघे और सोहन डी लिवेरा ने बतौर ओपनर 53 रन की साझेदारी की। सोहन 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वीरासिंघे ने 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
इस टीम ने 86 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद एशेन बंडारा (34) ने नुवानिदु फर्नांडो (44) के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़कर टीम को संभाला। कप्तान सहान अराच्चिगे ने अंजला बंडारा के साथ पांचवें विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। अराच्चिगे 15 बाउंड्री के साथ 127 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अंजला बंडारा ने 42 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।