श्रीलंका-ए ने भारत-ए के खिलाफ चार दिवसीय अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के शुरुआती दिन शानदार शुरुआत की है। मेजबान टीम ने गुरुवार के खेल की समाप्ति तक 85 ओवरों के खेल में 5 विकेट खोकर 288 रन बना लिए हैं। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा था।
भारत-ए ने टॉस जीतकर मेजबान टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पावंथा वीरसिंघे और सोहन डी लिवेरा ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। सोहन डे लिवेरा 3 चौकों के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वीरसिंघे ने नुवानिदु फर्नांडो के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी की। वीरसिंघे ने 67 गेंदों की अपनी पारी में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 39 रन बनाए।
श्रीलंका ने 86 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। यहां से एशेन बंडारा ने फर्नांडो के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। फर्नांडो ने टीम के खाते में 44 रन का योगदान दिया, जबकि एशेन बंडारा 3 बाउंड्री के साथ 34 रन बनाकर आउट हुए।