T20 World Cup: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर 8 चरण का पहला मैच कोलंबो में लगातार बारिश के चलते रद्द हो गया। ऐसे में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच 1-1 अंक बांटा गया। इसी के साथ पाकिस्तान ऐसी शीर्ष टीम बन गई, जिसके टी20 फॉर्मेट में सर्वाधिक मैच रद्द हुए।
इस मामले में पाकिस्तान 7 मुकाबलों के साथ शीर्ष पर है। उसके बाद आयरलैंड और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिनके 6-6 टी20 मैच रद्द हुए हैं। भारत और नीदरलैंड के 4-4 मैच मौसम या दूसरी रुकावटों की वजह से रद्द हुए हैं।
शनिवार को पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन इसके बाद बारिश शुरू हो गई और कवर्स लगाए गए। कुछ देर बाद मैदान पर पानी जमा हो गया और मैदान के हालात खेलने लायक नहीं रहे। मैच अधिकारियों ने काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन बारिश के रुकने का कोई संकेत नहीं दिखा, ऐसे में मैच रद्द करने का फैसला लिया गया।