यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आगाज 14 अगस्त से होगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला काशी रुद्रास और मौजूदा चैंपियन मेरठ मावेरिक्स के बीच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
यह टूर्नामेंट 24 दिनों तक चलेगा और इसका फाइनल मैच 6 सितंबर को कानपुर में होगा। लीग के इतिहास में पहली बार टूर्नामेंट दो स्थानों पर खेला जाएगा। टूर्नामेंट का शुरुआती चरण लखनऊ में होगा, जहां इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 13 दिनों में 22 मैच खेले जाएंगे। इसके बाद टूर्नामेंट का दूसरा हिस्सा कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा, जहां बाकी 12 मैच खेले जाएंगे।
शेड्यूल की घोषणा पर यूपी टी20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन संजय कपूर ने कहा, "यूपी टी20 लीग हर सीजन के साथ आगे बढ़ रही है, और इस साल एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा, क्योंकि टूर्नामेंट पहली बार दो जगहों पर खेला जाएगा। शुरुआती चरण लखनऊ में होगा और उसके बाद दूसरा चरण और प्लेऑफ के मुकाबले कानपुर में खेले जाएंगे।"