वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का इंतजार समाप्त हो गया है। वैभव ने शनिवार को मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में डेब्यू कराया गया। वैभव को भारतीय टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने डेब्यू कैप दी। वैभव सूर्यवंशी के बचपन के कोच मनीष ओझा ने डेब्यू पर बधाई दी है और इस पल को गर्व का पल करार दिया है।
आईएएनएस से बात करते हुए मनीष ओझा ने कहा, "यह गर्व का समय है। अपने डेब्यू के साथ ही वैभव भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हो गए हैं। यह पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। हमारा बच्चा इतनी कम उम्र में अपने प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम तक पहुंचा है। भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए लोग वर्षों मेहनत करते हैं, लेकिन वैभव ने अपनी मेहनत, लगन, समर्पण और धैर्य के दम पर बहुत ही कम उम्र में भारतीय टीम में डेब्यू किया है। उसे और उसके परिवार को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।"
मनीष ओझा ने कहा, "एक कोच के तौर पर मुझे लगता था कि वैभव को आयरलैंड दौरे पर ही डेब्यू मिलेगा, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम के साथ ही जाना उचित समझा। वैभव का अब डेब्यू हो गया है। हम खुश हैं। मैं चाहता हूं कि वैभव भारतीय टीम के लिए भी वैसा ही प्रदर्शन करें और जीत दिलाएं जैसा वे आईपीएल में करते हैं।"