भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड में 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा हो सकते हैं। वैभव को लेकर न्यूजीलैंड में रोमांच है। इसे न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कोच रॉब वॉल्टर ने भी स्वीकार किया है।
रॉब वॉल्टर ने माना कि वह आने वाली टी20 सीरीज में तेज और उछाल वाली पिचों पर भारतीय बैटिंग सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी को टेस्ट करते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि वह देखना चाहते हैं कि दबाव वाली स्थिति में वह कैसा प्रदर्शन करते हैं।
वॉल्टर ने बुधवार को पत्रकारों से कहा, "मैं उसे उछाल वाली विकेटों पर देखना पसंद करूंगा और देखना चाहूंगा कि यह कितना अलग दिखता है। वह एक रोमांचक खिलाड़ी है। आपने उसे आईपीएल में दुनिया के श्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ हावी होते देखा है। मुझे लगता है कि चुनौती हमेशा यह देखना है कि यह अलग-अलग कंडीशंस में कैसे काम करता है और हम अपने कंडीशंस में उसे कैसे बॉलिंग करते हैं।"